Chandigarh, 10 September
निर्माण उद्योग में नई तकनीकों और नवाचारों के प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) 12 से 15 सितंबर तक चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में 11वीं चार दिवसीय “इन्स एंड आउट” प्रदर्शनी आयोजित करने जा रहा है। इस आयोजन में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स, फायर एंड सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया, एमएसएमई मंत्रालय, चंडीगढ़ बिजली वितरण लिमिटेड और नेटवर्क ऑफ पीपल फॉर कंस्ट्रक्शन सहयोगी संस्थान होंगे।
पीएचडीसीसीआई चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष मधुसूदन विज ने बताया कि प्रदर्शनी में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें आधुनिक निर्माण सामग्री और उन्नत निर्माण समाधानों को प्रदर्शित किया जाएगा।प्रदर्शनी का उद्घाटन 12 सितंबर को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करेंगे। इस अवसर पर पीएचडीसीसीआई के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल नवीन सेठ, अध्यक्ष मधुसूदन विज और सह-अध्यक्ष सुव्रत खन्ना विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।उद्घाटन सत्र के बाद शहरी नियोजन और अवसंरचना विकास पर एक संगोष्ठी होगी।
- 13 सितंबर को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीपीडीएल, क्रेस्ट, पेडा और हरेडा के अधिकारी भाग लेंगे।
- 14 सितंबर को समापन समारोह में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू मुख्य अतिथि होंगे।
चार दिवसीय प्रदर्शनी में विषय-विशेषज्ञ आधुनिक निर्माण तकनीक, अग्नि सुरक्षा, रियल एस्टेट, इंटीरियर डेकोरेशन और सुरक्षा समाधान जैसे विषयों पर सेमिनार आयोजित करेंगे।यह प्रदर्शनी ट्राइसिटी क्षेत्र के सभी निवासियों के लिए खुली रहेगी। आयोजकों ने बताया कि पिछले एक दशक से यह आयोजन लोगों को निर्माण क्षेत्र की नवीनतम प्रौद्योगिकियों और शोध के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराता आ रहा है।