चंडीगढ़ | हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन तक आयोजित राष्ट्रीय सेवा पखवाड़े के दौरान प्रदेश का विरासत और पर्यटन विभाग विरासत की हिफाजत अभियान चलाएगा। अभियान के तहत विशेष योजना बनाई गई है, जिसमें स्कूल और कॉलेज के छात्रों को ऐतिहासिक स्थलों पर भ्रमण करवाकर उन्हें इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ा जाएगा।
अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 सितंबर को विरासत नगरी नारणौल से करेंगे। मंगलवार को विरासत और पर्यटन मंत्री डॉ. शर्मा ने हरियाणा सिविल सचिवालय में 5वें तल स्थित कमेटी कक्ष में बैठक की अध्यक्षता करते हुए सेवा पखवाड़े के तहत विभाग की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में अलग-अलग विभागों के लिए दिन और कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। इसी कड़ी में 18 सितंबर को विरासत की हिफाजत अभियान के तहत प्रदेश में आधा दर्जन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।