हरियाणा | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए अहम घोषणा की है। सीएम ने निर्देश दिए हैं कि माता मनसा देवी मंदिर, चंडीमाता मंदिर, मोरनी, बड़ा त्रिलोकपुर और नाडा साहिब जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली बस सेवा शुरू की जाए। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पंचकूला के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंचाने का है।
सीएम सैनी ने अश्विन नवरात्रों से पहले माता मनसा देवी मंदिर परिसर में तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को तीन बड़े एसी भंडारा हॉल के निर्माण के निर्देश दिए। प्रत्येक हॉल में कम से कम 1,500 श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। इसके साथ ही अत्याधुनिक रसोईघर और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। भंडारा हॉल के निर्माण तक वैकल्पिक रूप से अस्थायी हैंगर स्थापित कर बड़े स्तर पर भंडारे की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में सीएम ने काली माता मंदिर, शक्ति पथ और 108 फीट ऊंची हनुमान वाटिका के निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की। काली माता मंदिर में कमल आकार के भवन का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। यह पहल पंचकूला में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।