11 September, 2025
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा है कि मौजूदा भारतीय टीम शानदार क्रिकेट खेल रही है और यूएई के खिलाफ मिली जीत ने इसका सबूत भी दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम इंडिया एशिया कप का खिताब जीतकर देश लौटेगी।
कपिल देव ने मीडिया से बातचीत में कहा, “भारतीय टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया है और शानदार तरीके से जीत दर्ज की है। मुझे भरोसा है कि खिलाड़ी एशिया कप में चैंपियन बनकर लौटेंगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर कपिल देव ने साफ कहा कि खिलाड़ियों का काम सिर्फ मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों को केवल खेल पर ध्यान देना चाहिए। बाकी राजनीतिक और कूटनीतिक फैसले सरकार के स्तर पर होते हैं।”इस बीच, भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर देश में विरोध के स्वर भी उठ रहे हैं। कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने पहलगाम आतंकी हमले का हवाला देते हुए इस मुकाबले पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलना शहीदों और निर्दोष नागरिकों के बलिदान के प्रति असंवेदनशीलता होगी।
मनोज तिवारी जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने भी इस मुकाबले पर सवाल उठाए हैं। याद दिला दें कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में भारत के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था।हालांकि भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि पाकिस्तान के साथ कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं होगी। दोनों टीमें केवल आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंट में आमने-सामने उतरेंगी।