सिरसा | हरियाणा के सिरसा जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ भयावह मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक बाबा ने झाड़-फूंक के बहाने लड़की को फंसाया और शादी का झांसा देकर राजस्थान ले गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने नाबालिग की लोकेशन ट्रेस कर उसे राजस्थान से सुरक्षित बरामद किया। मेडिकल जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। आरोपी के खिलाफ रानियां थाना में रेप और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
रानियां थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी सुभाष उर्फ भूतनाथ, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) का निवासी है और गांव के डेरे में बाबा बनकर झाड़-फूंक करता था। आरोपी और पीड़िता पिछले 5–6 महीने से संपर्क में थे। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस मामले में नाबालिग की काउंसलिंग की गई और उसके बयान दर्ज किए गए। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त तो नहीं था।