भिवानी। मनीषा मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम पिछले आठ दिनों से लगातार गहन पड़ताल कर रही है। बुधवार को टीम पहली बार लोहारू क्षेत्र में पहुंची। हालांकि उन्होंने कहाँ निरीक्षण किया और किन-किन लोगों से बातचीत की, इस बारे में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
जांच के दायरे के बढ़ने के साथ सीबीआई लगातार नए पहलुओं की जांच कर रही है। मनीषा के पिता संजय ने बताया कि एजेंसी कई बार उनसे मनीषा के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी जानकारी ले चुकी है। उनका कहना है कि पुलिस की “सुसाइड नोट और कीटनाशक दवा खरीदने” वाली थ्योरी पर उन्हें विश्वास नहीं है।
संजय ने आरोप लगाया कि पुलिस ने 18 अगस्त को बताया कि सुसाइड नोट मिला था, जबकि इतने बड़े मामले में इतनी देर तक इस जानकारी को दबाए रखना गंभीर लापरवाही है। उनका कहना है कि नोट की सच्चाई संदिग्ध है और पुलिस इसे कहाँ से लेकर आई, यह समझ से परे है।
उन्होंने साफ कहा कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या हुई है। उन्हें भरोसा है कि सीबीआई जिस तरह से मामले की तहकीकात कर रही है, वह जल्द ही असली आरोपियों तक पहुंचेगी।