12 September, 2025
भारतीय क्रिकेट टीम फिलहाल एशिया कप 2025 (टी20 फॉर्मेट) में व्यस्त है। इसी बीच अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज को लेकर भारतीय फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। इस सीरीज में वनडे कप्तान रोहित शर्मा और सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी का इंतजार किया जा रहा है। दोनों दिग्गजों ने आखिरी बार इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
नेट्स पर वापसी का ऐलान
रोहित शर्मा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी नेट प्रैक्टिस का वीडियो साझा किया। बल्लेबाजी के दौरान दमदार शॉट्स खेलते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा—“मैं फिर से यहां हूं, और यह शानदार अहसास है।” इस वीडियो ने संकेत दे दिया कि वह पूरी तरह फिट हैं और ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए तैयार हैं। बता दें, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को खेला जाएगा, जिसमें रोहित शर्मा के कप्तानी करते हुए उतरने की पूरी उम्मीद है।
ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज से मिल सकती है मैच प्रैक्टिस
फिलहाल भारत दौरे पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया ए टीम दो अनऑफिशियल टेस्ट और तीन वनडे मैच खेल रही है। माना जा रहा है कि रोहित शर्मा इस वनडे सीरीज के जरिए अपनी लय और फिटनेस परख सकते हैं, जो उनके लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी सीरीज से पहले आदर्श तैयारी साबित होगी।
वनडे ही बचा आखिरी मंच
गौरतलब है कि रोहित शर्मा 2024 में टी20 विश्व कप जिताने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से भी अलविदा कह दिया था। अब वनडे ही वह मंच है, जहां रोहित अपने अनुभव और नेतृत्व से भारतीय टीम को मजबूती देंगे।