16 September, 2025
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को हंसी और तर्क से भरपूर मनोरंजन देने आ रही है।
यह फिल्म 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, लेकिन रिलीज से तीन दिन पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने जोरदार शुरुआत की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन की एडवांस बुकिंग में फिल्म ने 1.99 करोड़ रुपये कमा लिए हैं, जिसमें ब्लॉक सीट्स भी शामिल हैं। वहीं, बिना ब्लॉक सीट्स के अब तक 28.46 लाख रुपये का कलेक्शन दर्ज हुआ है।
अब तक 3471 शोज में से 15,740 टिकट्स बिक चुके हैं, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। खासतौर पर उत्तर भारत के शहरों में दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से डिमांड बढ़ रही है। माना जा रहा है कि ओपनिंग डे पर फिल्म आसानी से 5-7 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है।फिल्म को सुभाष कपूर ने डायरेक्ट किया है और इसका निर्माण स्टार स्टूडियोज व कांगड़ा टॉकीज ने किया है। कहानी में जॉली मिश्रा (अक्षय कुमार) और जॉली त्यागी (अरशद वारसी) के बीच कोर्टरूम में होने वाली जोरदार बहस और मजेदार ट्विस्ट्स को दिखाया गया है। फिल्म में हुमा कुरैशी, सौरभ शुक्ला, गजराज राव और अमृता राव भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।फिल्म का ट्रेलर पहले ही इंटरनेट पर धूम मचा चुका है, और दर्शक अब बड़े पर्दे पर ‘कॉमेडी, कैओस और कलेश’ देखने के लिए बेताब हैं।