16 September, 2025
टीवी दर्शकों के लिए पुरानी यादें ताज़ा करने वाला एक खास मौका तब आया, जब लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक “महाभारत” की टीम एक बार फिर साथ नज़र आई। शो के 12 साल पूरे होने पर, भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सौरभ राज जैन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की और इस यादगार मुलाकात की झलक भी दिखलाई।
सौरभ ने कैप्शन में लिखा – “आज हमने 12 साल पूरे कर लिए हैं… और कल, हम फिर मिले। क्यों मिले, यह तो जल्द ही पता चलेगा। @swastikproductions का आभार। पुराने पलों को याद कर नई यादें बनाई। महाभारत परिवार के कई साथी याद आए। आपके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”
2013 में पहली बार प्रसारित हुआ “महाभारत” अपने भव्य सेट, दमदार कलाकारों और धर्म–कर्तव्य की गूढ़ कहानी के कारण भारतीय टेलीविजन पर एक मील का पत्थर साबित हुआ। आज भी यह शो सबसे सफल पौराणिक धारावाहिकों में गिना जाता है।इस पुनर्मिलन से फैंस के बीच उत्साह और चर्चाएँ तेज़ हो गई हैं। कई लोग अनुमान लगा रहे हैं कि क्या इसी टीम के साथ कोई नया प्रोजेक्ट आने वाला है। शो में सौरभ राज जैन के साथ शहीर शेख, रोहित भारद्वाज, अर्पित रांका, पूजा शर्मा, प्रणीत भट्ट, ठाकुर अनूप सिंह, रिया दीपसी और अन्य कलाकार शामिल थे। इस शो का निर्माण स्वास्तिक प्रोडक्शन ने किया था।