Chamba, Manjur
हाल ही में चुराह विधानसभा क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। आपदा के चलते क्षेत्र की अनेक सड़कें बाधित हो गईं, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हुआ बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी ठप पड़ गई।
स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रशासन व लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) लगातार मार्ग बहाली में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में चुराह प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सख़्त निर्देश दिए हैं कि आगामी चार से पाँच दिनों में क्षेत्र की सभी बंद सड़कों को हर हाल में बहाल किया जाए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि राशन की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए और बीमार लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।एसडीएम चुराह अंकुर ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उपमंडल के भीतर अनेक मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिन्हें खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि आने वाले चार दिनों में सभी सड़कें बहाल कर दी जाएं, ताकि गांव-गांव तक राशन पहुँच सके और मरीजों को भी किसी तरह की दिक़्क़त का सामना न करना पड़े। पीडब्ल्यूडी विभाग पूरी तरह से जुटा हुआ है।प्रशासन के इस कदम से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।