कैथल | सेक्टर-21 में युवक पर गोली चलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) की टीम ने मुख्य आरोपी जितेंद्र पुत्र सुरजीत, निवासी गांव बुढ़ाखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पारिवारिक रंजिश से जुड़ा मामला
शिकायतकर्ता गुलाब सिंह ने बताया कि आरोपी जितेंद्र पहले भी उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुका था। जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके परिवार ने प्रतीक के परिवार से रुपये लिए थे। इस लेन-देन को लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। इसी रंजिश के चलते जितेंद्र ने प्रतीक को गोली मारी।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आस्था मोदी ने तुरंत आरोपी को पकड़ने के आदेश दिए। इसके बाद एसआई रमेश चंद और एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में टीम ने जितेंद्र को दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वारदात में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया। पुलिस अब हथियार बरामद करने और अन्य सुराग जुटाने में लगी है।
पीड़ित की हालत गंभीर
डीएसपी मुख्यालय बीर भान ने बताया कि 14 सितंबर की शाम हुड्डा सेक्टर-19 निवासी गुलाब सिंह के बेटे प्रतीक पर जानलेवा हमला हुआ था। गोली लगने से घायल प्रतीक को गंभीर हालत में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज कर लिया गया है।