सोनीपत | नेशनल हाईवे-44 पर शराब के नशे में धुत युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। तीन कारों में सवार इन युवकों ने होटल सरोवर पोर्टिको के पास हुड़दंग किया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी नौ युवकों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कोर्ट में पेशी के बाद सभी को जमानत मिल गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली-पानीपत रोड पर युवकों ने कारें खड़ी कर सड़क पर शांति भंग की और हंगामा किया। पुलिस ने मौके से तीनों गाड़ियां जब्त कर लीं। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे और किसी भी गंभीर अपराध को अंजाम दे सकते थे।
गिरफ्तार युवकों की पहचान अभिषेक, विशाल, कमल वर्मा, तरुण वर्मा, अमित, रवि, साहिल, अक्षय और लवीश के रूप में हुई है। सभी आरोपी सोनीपत, गोहाना और दिल्ली से संबंध रखते हैं।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि युवकों को पकड़कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।