नई दिल्ली | मुंबई के बांद्रा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में एक बैंक अधिकारी पर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बैंक के अधिकारी हितेश सिंगला (32) को गिरफ्तार किया है, जिस पर लगभग 16.10 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।
सिंगला ने बुजुर्गों, नाबालिगों और मृत ग्राहकों के 127 खातों से पैसे निकालकर अपने निजी खातों में ट्रांसफर किए। उसने यह धोखाधड़ी मई 2023 से जुलाई 2025 के बीच अंजाम दी। ठगी को छुपाने के लिए उसने बैंक के सिस्टम का दुरुपयोग करते हुए अन्य कर्मचारियों की आईडी का भी इस्तेमाल किया।
कैसे हुआ खुलासा?
मामला तब सामने आया जब एक वरिष्ठ नागरिक के उत्तराधिकारी ने उनके खाते की जानकारी मांगी। जांच में पता चला कि खाता बंद होने के बाद जमा राशि शाखा के ऑफिस अकाउंट में ट्रांसफर कर दी गई और फिर सिंगला के निजी खाते में जमा हो गई।
बैंकिंग प्रणाली पर उठे सवाल
ED ने बताया कि आरोपी ने चार अलग-अलग शाखाओं के खातों को निशाना बनाया और ठगी से प्राप्त पैसे को शेयर बाजार में निवेश किया। बैंक ने सिंगला को 5 अगस्त 2025 को सस्पेंड किया था।
इस मामले ने सरकारी बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच अभी जारी है और ED को शक है कि ठगी की राशि इससे भी अधिक हो सकती है।