सोनीपत। शारदीय नवरात्रि के आगमन के साथ ही सोनीपत बस स्टैंड पर कटरा की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा की ओर रवाना हो रहे हैं।
इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। सोनीपत से कटरा रूट पर फिलहाल तीन बसें चलाई जा रही हैं और यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
साथ ही, सोनीपत से गुरुग्राम के लिए नई बस सेवा भी शुरू की गई है। गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान विशेष पूजा-अर्चना आयोजित होती है, और इसके लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। नई सीधी एसी बस सेवा यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है।
सोनीपत रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि नवरात्रि के दौरान सामान्य से ज्यादा यात्रियों के आने की उम्मीद रहती है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।