गुरुग्राम | शहर के कई सेक्टरों में पानी की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। समस्या का मुख्य कारण सेक्टर-23 में पानी की मुख्य पाइपलाइन का फटना बताया जा रहा है। इस घटना के चलते सेक्टर 21, 22, 23, 23ए, गांव कार्टरपुरी, डाहेड़ा और मौलाहेड़ा सहित कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई ठप हो गई है। प्रभावित इलाके अब पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार दोपहर को मुख्य पाइपलाइन फट गई, जिससे बूस्टिंग स्टेशन भी पानी में डूब गया। इसके बाद जीएमडीए ने बसई जल शोधन संयंत्र से पानी की सप्लाई बंद कर दी, जिससे पीने के पानी की उपलब्धता प्रभावित हुई। स्थानीय निवासियों ने इस मामले में गुरुग्राम नगर निगम की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।
सेक्टर-23ए की आरडब्ल्यूए ने कहा कि पिछले दो सालों से उन्होंने नगर निगम को बूस्टर स्टेशन और पानी की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरडब्ल्यूए ने जीएमडीए से अपील की थी कि वे नगर निगम से जिम्मेदारी लेकर पानी की सप्लाई खुद संभालें, लेकिन इस पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
वहीं, गुरुग्राम के एक अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-23 में पाइपलाइन की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो चुका है और जल्द प्रभावित इलाकों में पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।