अंबाला | हरियाणा के डिपो होल्डर्स पिछले 6 महीनों से अपनी कमीशन राशि नहीं मिलने से परेशान हैं। राशन खरीदने के लिए उन्हें अग्रिम भुगतान करना पड़ता है, लेकिन कमीशन की लंबित राशि के कारण कई डिपो संचालक आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
डिपो होल्डर्स ने बताया कि इतने लंबे समय तक कमीशन नहीं मिलने से उन्हें अपने घर और व्यवसाय के खर्च उठाने में दिक्कत हो रही है। हाल ही में राशन वितरित करने वाली मशीनों में खराबी भी आई थी, जो अब ठीक हो गई है। इसके बावजूद विभाग को इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
डिपो संचालकों की मांग है कि उनकी लंबित कमीशन जल्द से जल्द जारी की जाए, ताकि वे अपनी जरूरतें पूरी कर सकें और व्यवसाय सुचारू रूप से चला सकें।
खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस समस्या से विभाग पूरी तरह अवगत है और उन्होंने इसे उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया है। अंबाला कैंट के AFSO ने पुष्टि की है कि यह समस्या सिर्फ अंबाला तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे राज्य में समान रूप से देखी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इसका समाधान निकालने के प्रयास किए जाएंगे।