बहादुरगढ़ | बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट ए में स्थित ट्रिक फुटवियर इंडस्ट्रीज की जूता फैक्ट्री में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग तब भड़की जब सुबह की शिफ्ट के कर्मचारी फैक्ट्री में आने लगे थे। आग लगने के बाद फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए।
फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रखे लाखों रुपये के तैयार और कच्चे माल को भारी नुकसान हुआ है। आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट तक फैल गई थी। फैक्ट्री से उठती धुएं और फैक्ट्री में मौजूद कैमिकल्स के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आ रही हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ फायर ब्रिगेड की सभी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए सोनीपत और रोहतक से भी फायर वाहन बुलाए गए।
फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंद्र ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही इसे नियंत्रित कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आग लगने से फैक्ट्री का माल जलकर नष्ट हुआ है, लेकिन किसी कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।