नई दिल्ली। ‘वर्ल्ड फूड इंडिया 2025’ के अवसर पर गुरुवार को रूस के उपप्रधानमंत्री दिमित्री पेत्रुशेव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कृषि, उर्वरक, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान कहा कि भारत-रूस की विन-विन पार्टनरशिप को और मजबूत किया जाएगा। विशेष रूप से कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और उर्वरक के क्षेत्रों में संयुक्त प्रयासों को बढ़ावा देने की योजना पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शुभकामनाएं दीं और 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए उन्हें भारत में स्वागत करने की उत्सुकता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने अपने एक्स (Twitter) पोस्ट में लिखा कि “World Food India 2025 के मौके पर रूस के उपप्रधानमंत्री से मिलकर प्रसन्नता हुई। हमने कृषि, उर्वरक और खाद्य प्रसंस्करण में हमारे सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।”
भारत और रूस के बीच लंबे समय से मजबूत रणनीतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, विज्ञान और विशेष रूप से कृषि व खाद्य प्रसंस्करण में सहयोग बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।