चंडीगढ़। हरियाणा में अगले तीन दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जिलों में आज रात हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर तक प्रदेश के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम में बदलाव आया है। इसके चलते दक्षिण हरियाणा के जिलों में बीच-बीच में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से दिन और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। एक जून से 22 सितंबर तक करीब 114 दिन मानसून सक्रिय रहा और इस दौरान प्रदेश में कुल 568 मिमी बारिश दर्ज की गई। यमुनानगर में सबसे अधिक 1116.5 मिमी बारिश हुई, जबकि सिरसा में सबसे कम 346.6 मिमी रिकॉर्ड की गई।