Dharamshala, Rahul
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। निगम ने वोल्वो बसों के किराए में दस फीसदी कटौती करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था आज से लागू हो गई है। अब मैक्लोडगंज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को 1619 रुपये की बजाय 1461 रुपये ही चुकाने होंगे।
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने मैक्लोडगंज से दिल्ली के लिए वोल्वो सेवा को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस कदम का मकसद यात्रियों को राहत देना है। वर्मा ने बताया कि इस साल प्राकृतिक आपदा के कारण निगम को करीब 100 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा है, इसके बावजूद यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब धर्मशाला में भी वोल्वो सेल शुरू कर दिया गया है। पहले वोल्वो बस सेवा केवल शिमला और कुल्लू से ही संचालित होती थी। वर्मा ने कहा कि धर्मशाला वोल्वो सेल में ब्रेकडाउन शून्य है, जिससे यात्रियों को और बेहतर सेवा मिलेगी।