चंडीगढ़ | पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने कार्यालय में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा हाल ही में जारी किए गए “हिंद की चादर – नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी” के 350वें शहीदी पर्व का आधिकारिक लोगो लगाया।
मंत्री बैंस ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई दयाला जी, भाई मतीदास जी और भाई सतीदास जी के 350वें शहीदी पर्व के अवसर पर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में एक विशेष आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं कि यह लोगो अगले एक वर्ष तक सभी सरकारी कार्यालयों, आधिकारिक डाक और संस्थानों में प्रमुख रूप से लगाया जाएगा। साथ ही इसके मर्यादा और पवित्रता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनके अधीन आने वाले सभी विभागों को लोगो का उच्च गुणवत्ता वाला (HD) प्रिंट जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने अपने अधीन आने वाले विभागों के प्रमुखों, सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के प्रमुखों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यालयों में इसे प्रमुख स्थान पर लगाएं।