अदीस अबाबा। इथियोपिया के अमहारा क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन गिरजाघर ढहने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं।
यह घटना अमहारा क्षेत्र के मेनजार शेनकोरा स्थित अर्रेती मरियम चर्च में उस समय हुई, जब लोग सेंट मैरी के वार्षिक समारोह में शामिल होने के लिए इकट्ठा हुए थे।
स्थानीय अस्पताल के डॉक्टर सेयूम अल्ताये ने बताया कि मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, “अब तक 25 मौतों और 100 से ज्यादा घायलों की पुष्टि हो चुकी है। रेड क्रॉस से घायलों की देखभाल के लिए मदद मांगी गई है।”
स्थानीय प्रशासक तेशाले तिलहुन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा, “यह हादसा पूरे समुदाय के लिए गहरी क्षति है।”