Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई अहम घोषणाएँ कीं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 100 स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जोड़ा जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएँ जल्द पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस कदम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर मिलेंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल को केंद्र सरकार से दो नए केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिली है। ये विद्यालय शिमला जिले के कोटखाई और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में खोले जाएंगे। इन स्कूलों के खुलने से प्रदेश में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी।रोहित ठाकुर ने बताया कि शिक्षकों के लिए अलग कैडर बनाने पर विचार चल रहा है, जिससे पदोन्नति और कार्यकुशलता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 7,000 भर्तियाँ पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 3101 पद चयन आयोग को भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा नवंबर में 900 टीजीटी (TGT) पदों और जल्द ही 600 जेबीटी (JBT) पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस क्वालिटी एजुकेशन और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने पर है। उन्होंने बताया कि राजीव डे बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्कूल स्थापित करने की दिशा में कार्य जारी है।