मोगा। जिले के सब-डिवीजन बाघापुराना के गांव लांगियां में शनिवार सुबह गोलीबारी की सनसनीखेज घटना हुई। इस हमले में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, हमलावर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में आए और गांव में दाखिल होते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले के दौरान 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं। इसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
डीएसपी बाघापुराना दलबीर सिंह ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा किए हैं और हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।