कोलकाता | उत्तर बंगाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने गए बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर स्थानीय लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों नेता घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी लोकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के तुरंत बाद घोष ने अस्पताल ले जाते समय खगेन मुर्मू का खून से लथपथ वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में दावा किया गया कि नागराकाटा क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने उनके वाहन में तोड़फोड़ की और उन पर हमला किया। हालांकि, पीटीआई ने वीडियो की स्वतंत्र रूप से प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
भाजपा नेताओं ने इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस (TMC) का हाथ होने का आरोप लगाया है। घोष ने बताया कि पिछले दो दिन में उत्तर बंगाल के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने गए थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि उत्तर बंगाल में बाढ़ से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।