दार्जिलिंग |पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और आस-पास के इलाकों में रविवार को तेज बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई। मिरिक, सुखिया पोखरी और अन्य क्षेत्रों में हुई इस भीषण आपदा में अब तक 23 लोगों की मौत हुई है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सड़क संपर्क टूटा, पर्यटक फंसे
आपदा का सबसे बड़ा असर यातायात और जनजीवन पर पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार सिक्किम से सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। मिरिक में सबसे अधिक नुकसान हुआ, जहां दुधिया के डुडिया आयरन ब्रिज के टूटने से 23 लोगों की मौत हुई। दुर्गा पूजा में शामिल होने और शहर भ्रमण पर आए सैकड़ों पर्यटक दार्जिलिंग और पास के जलपाईगुड़ी जिले में फंसे हुए हैं।
सीएम ममता दौरे पर, पीएम ने जताया दुख
राज्य सरकार युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज उत्तरी बंगाल का दौरा करेंगी, नुकसान का आकलन करेंगी और प्रभावितों से मिलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्तमान में बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।