फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र के बसेलवा कॉलोनी में बीते गुरुवार रात पनीर विक्रेता की चाकू गोदकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी राजा को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस का दावा, राजा ने अकेले की थी वारदात
थाना पुलिस का कहना है कि राजा ने हत्या अकेले की, और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका नहीं थी। पुलिस के अनुसार, मामले में सिर्फ राजा को ही आरोपित बनाया गया है और चार्जशीट भी उसी के खिलाफ दाखिल की जाएगी।
हालांकि, स्थानीय लोगों और मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि हत्या के वक्त मृतक प्रवीन अपने दो साथियों के साथ मौजूद था, जबकि राजा अकेला था। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि राजा ने अकेले कैसे पूरी वारदात को अंजाम दिया।
थाना प्रभारी ने दी सफाई
ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि जिस समय राजा ने प्रवीन पर हमला किया, उस समय प्रवीन बाइक पर बैठ चुका था और हेलमेट पहन लिया था। इसी दौरान राजा ने चाकू से वार किया।
प्रभारी के अनुसार, प्रवीन के दोनों साथियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की, वरना संभव था कि राजा यह वारदात न कर पाता।
क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी पूछताछ, चाकू बरामद
थाना पुलिस ने आरोपी राजा को आगे की पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच के हवाले भी किया था, लेकिन वहां से कोई विशेष खुलासा नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
विवाद की वजह बनी मामूली टक्कर
पुलिस जांच के अनुसार, हत्या से पहले राजा और प्रवीन के बीच झगड़ा तब शुरू हुआ जब प्रवीन की बाइक का पहिया राजा के पैर से टकरा गया। इस पर राजा ने प्रवीन को गाली दी, जिसके बाद प्रवीन ने उसकी पिटाई कर दी। उसी झगड़े के बाद राजा ने गुस्से में आकर प्रवीन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।