अंबाला | अक्टूबर महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हरियाणा दौरे की संभावना है। सूत्रों के अनुसार 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा का दौरा करेंगे, जबकि अगले दिन 18 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अंबाला आगमन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक राष्ट्रपति भवन या जिला प्रशासन की ओर से उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर सकती हैं। यदि दौरा तय होता है, तो यह राष्ट्रपति मुर्मू का अंबाला एयरफोर्स स्टेशन का पहला दौरा होगा।
राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर अंबाला जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और प्रोटोकॉल से जुड़े मसलों पर प्रारंभिक बैठकें जारी हैं। पुलिस, वायुसेना और अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। आने वाले दिनों में एयरफोर्स और जिला प्रशासन के बीच विशेष बैठकें भी आयोजित की जा सकती हैं।
अंबाला एयरफोर्स स्टेशन देश के सबसे पुराने और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण वायुसेना अड्डों में शामिल है। यहां 17 स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एरोस’ तैनात हैं, जिनके पास राफेल जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान हैं। इस दौरे के दौरान वायुसेना की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव राष्ट्रपति भवन को भेजा जा चुका है, जिसकी औपचारिक स्वीकृति का इंतजार है।