पलवल | जिले के हथीन थाना क्षेत्र में टोल अधिकारियों के साथ अवैध वसूली और जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी छत से कूदने की कोशिश में घायल हो गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया, जिसमें वारदात में इस्तेमाल दो हथौड़े भी बरामद किए गए। आज रिमांड अवधि समाप्त होने पर आरोपियों को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।
मामला क्या है?
शिकायतकर्ता विजय ने बताया कि वह किरंज स्थित टोल प्लाजा पर कंट्रोलर के पद पर कार्यरत हैं। एक माह पूर्व मिंडकोला निवासी रविंद्र उर्फ रब्बो और स्यारौली निवासी बंटी टोल प्लाजा आए और अवैध वसूली की मांग करने लगे। इनकार करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण विजय ने 60,000 रुपये दे दिए।
बाद में आरोपियों ने एक लाख रुपये की मांग की, जिसे विजय ने ठुकरा दिया। इसके बाद रात 12:30 बजे स्विफ्ट डिजायर कार और दो बाइकों पर सवार 9–10 हमलावर टोल प्लाजा पहुंचे। उनके पास देसी कट्टा, लोहे के हथौड़े, सरिया और बर्फ तोड़ने वाला सूंआ था।
लूट और हमला
आरोपियों ने विजय के साथ मारपीट की, सोने की चेन और 9,000 रुपये लूट लिए। हथौड़ों, सरिया और सूंआ से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। आरोप है कि हमलावरों को टोल प्लाजा में विजय की मौजूदगी की जानकारी लक्ष्मण और अरुण ने दी थी। घायल विजय को अन्य टोलकर्मियों ने अस्पताल पहुँचाया।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पलवल की पीयूष सिटी स्थित बंद मकान में छिपे हैं। छापेमारी के दौरान चंद्रपाल, मोहित और सागर को गिरफ्तार किया गया। चौथा आरोपी बंटी छत से कूदने की कोशिश में घायल हुआ, जिसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।