मनीला | शुक्रवार सुबह फिलीपींस के दक्षिणी द्वीप मिंडानाओ में आए तेज भूकंप से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजकर 43 मिनट पर धरती जोरदार तरीके से हिली। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी गई। झटके इतने शक्तिशाली थे कि समुद्र में एक मीटर से ऊंची लहरें उठने की आशंका के चलते सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों और दफ्तरों से निकलकर खुले स्थानों में पहुंच गए। प्रशासन ने समुद्र किनारे बसे इलाकों में रहने वालों को ऊंचे स्थानों की ओर जाने की सलाह दी है। मिंडानाओ और आसपास के क्षेत्रों में झटकों का सबसे ज्यादा असर देखा गया है। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ इमारतों में दरारें आने की खबरें हैं।
एजेंसियों ने दी जानकारी
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र समुद्र में 10 से 58 किलोमीटर की गहराई पर था। वहीं, यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) ने तीव्रता 7.4, और फिलवोल्क्स (PHIVOLCS) ने 7.6 दर्ज की है। अलग-अलग एजेंसियों के अनुसार यह भूकंप बेहद शक्तिशाली था।
ऑफ्टरशॉक्स का खतरा बरकरार
फिलवोल्क्स ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले घंटों में ऑफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद आने वाले झटके) महसूस किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन तटीय इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर तुरंत निकासी अभियान चलाने की तैयारी कर ली गई है।
रिंग ऑफ फायर में स्थित है फिलीपींस
फिलीपींस भूकंपीय दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यह देश प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ ज़ोन में आता है, जहां ज्वालामुखी विस्फोट और भूकंप की घटनाएं आम हैं। पिछले कुछ वर्षों में यहां कई बार 6 से अधिक तीव्रता वाले भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं।