चंबा | चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों घास कटाई का काम तेजी से चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि घास या झाड़ियों में मौजूद स्क्रब टायफस नामक पिसु से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, यह पिसु शरीर को काटने पर तेज बुखार और सिरदर्द जैसी गंभीर समस्या पैदा कर सकता है। ऐसे लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी अस्पताल का रुख करना चाहिए ताकि समय पर इलाज किया जा सके।
नागरिक अस्पताल तीसा के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि पुरी ने बताया कि अभी तक इस क्षेत्र में कोई स्क्रब टायफस का मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “घास कटाई या जंगल में काम करने वाले लोग विशेष सतर्क रहें और हल्के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।” स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस खतरे के प्रति जागरूक करें और जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाएं।