चंडीगढ़ | हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को कहा कि अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में सिंगल डोनर प्लेटलेट्स मुफ्त उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सरकार निजी ब्लड बैंक से प्लेटलेट्स की व्यवस्था करेगी।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में डेंगू की स्थिति नियंत्रण में है। अब तक 65,707 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 1,041 मामले पुष्टि हुए हैं, लेकिन किसी की मृत्यु नहीं हुई है।
सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच मुफ्त हो रही है, जबकि प्राइवेट अस्पतालों में इसके लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित है। ब्लॉक स्तर पर भी CHC/PSC में ब्लड सैम्पलिंग शुरू हो चुकी है और 27 टेस्टिंग लैब्स सक्रिय हैं। सरकारी अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए 255 वार्ड और 1,091 बेड आरक्षित किए गए हैं।
अन्य स्वास्थ्य और सुरक्षा पहल
मंत्री ने बताया कि जल्द ही 28 मोबाइल फूड सेफ्टी टेस्टिंग वैन खरीदी जाएंगी, जो हरियाणा के 14 जिलों में नकली खाद्य पदार्थों पर निगरानी रखेंगी। अक्टूबर 2024 से अब तक 3,682 खाद्य सैंपल लिए गए, जिनमें से 606 सैंपल फेल पाए गए। दोषियों पर कुल 1.10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इस बीच, हरियाणा में स्लम बस्तियों में जन्म पंजीकरण के लिए विशेष अभियान भी शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।