रेवाड़ी | शहर थाना पुलिस ने कायस्थवाड़ा और सैयद सराय क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे जब्त किए हैं। इतनी बड़ी खेप थी कि उसे ले जाने के लिए ट्रक मंगवाना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अवैध पटाखों का व्यापार व्हॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से चल रहा था। इस ग्रुप पर ग्राहकों को पटाखों की तस्वीरें भेजी जाती थीं और ऑर्डर मिलने पर होम डिलीवरी की जाती थी। लंबे समय से इस तरह की शिकायतें पुलिस तक पहुँच रही थीं।
सूचना के आधार पर रविवार देर रात शहर थाना टीम ने कायस्थवाड़ा और सैयद सराय में एक दुकान और एक मकान पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखों के साथ लगभग 4 लाख रुपये नकद भी जब्त किए। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने बताया कि अवैध पटाखों की बिक्री में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में पुलिस अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।