पानीपत। सेक्टर 29 थाना क्षेत्र के सिवाह गांव में देर रात जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्थानीय युवक पर कार सवार तीन-चार बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली युवक के दाहिने पैर के घुटने के नीचे लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे हुई। युवक खेत की रखवाली कर रहा था, तभी बदमाशों ने कार से उतरकर सीधे उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने 4-5 राउंड गोली चलाई, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने जमीन विवाद में कुछ लोगों के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया है और न्याय की मांग की है।