सोहना | सोहना के वार्ड नंबर 13 में पर्यटन विभाग की भूमि पर बसे अवैध कॉलोनियों के निवासियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपने आशियानों को बचाने की गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों ने लिखित ज्ञापन सौंपकर कहा कि वे दशकों से अपने घरों में रह रहे हैं और अगर तोड़फोड़ हुई तो सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने मामले पर गंभीर विचार करने का आश्वासन दिया। वार्ड नंबर 13 की कुल आबादी लगभग चार हजार है, जिसमें पीर कॉलोनी और पहाड़ कॉलोनी भी शामिल हैं। हाल ही में पर्यटन विभाग ने इन कॉलोनियों की भूमि पर अपना दावा करते हुए तोड़फोड़ का अल्टीमेटम जारी किया, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं।
दोनों कॉलोनियों में लगभग 60 वर्षों से परिवार रह रहे हैं और उन्हें बिजली, पानी, सड़क, सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पूर्व पार्षद अनिल कुमार, जुम्मा, विनोद, मकसूद, शाहिद खान और कर्मवीर मौजूद रहे।
पहाड़ कॉलोनी और पीर कॉलोनी में कुल लगभग 250 आशियाने हैं, जो साढ़े नौ एकड़ भूमि पर बने हैं। इस भूमि को लेकर पिछले 15 वर्षों से प्रशासनिक और कानूनी विवाद चला आ रहा था। हाल ही में पर्यटन विभाग ने अदालत में जीत हासिल की और भूमि पर कब्जा करने की कार्रवाई शुरू कर दी थी। एक महीने पहले विभाग ने अवैध आशियानों को तोड़ने का अल्टीमेटम भी जारी किया था।