लुधियाना | लुधियाना की ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल से मंगलवार को एक हवालाती फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, जेल अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और जेल के अंदर व बाहर सभी संभावित रास्तों पर सघन चैकिंग की जा रही है। फिलहाल फरार हवालाती का कोई सुराग नहीं मिला है।
इससे पहले कुछ दिन पहले बठिंडा की सेंट्रल जेल से भी एक बंदी फरार हुआ था। उस घटना में जेल के सुपरिंटेंडेंट की जिम्मेदारी तय की गई थी और उन्हें दूसरी जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि इस बार भी फरार हवालाती की तुरंत तलाश की जा रही है और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।