नई दिल्ली | मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के काफिले की एक गाड़ी ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में करीब सात लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में सबसे गंभीर स्थिति 60 वर्षीय बुजुर्ग साहब सिंह की है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, बुजुर्ग के दोनों पैरों की स्थिति गंभीर है और एक पैर काटने की संभावना जताई जा रही है। उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसा बसंतपुर तिराहे के पास हुआ, जहां से मंत्री के काफिले का वाहन किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। हादसे के समय काफिले के पीछे चल रही गाड़ी ने ई-रिक्शा को धक्का दिया, जिसमें सवार सात लोग घायल हो गए।
एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि घटना की पूरी जांच-पड़ताल जारी है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।