गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार देर शाम एक शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती प्रयास में दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जबकि स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त वाहनों को भी बुलाया गया।
फायर ऑफिसर नरेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट पर रखा गया है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और शोरूम में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। फिलहाल दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नियंत्रण पाने की पूरी कोशिश की जा रही है। राहत की बात यह है कि किसी के हताहत होने की सूचना अब तक नहीं मिली है।