नई दिल्ली। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान ऑस्ट्रेलिया के राजदूत और पूर्व प्रधानमंत्री केविन रुड पर सार्वजनिक रूप से तीखा हमला बोला। ट्रंप ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की उपस्थिति में रुड को संबोधित करते हुए कहा, “मुझे भी तुम पसंद नहीं हो, शायद कभी नहीं होगे।”
यह बयान उस समय आया जब एक पत्रकार ने ट्रंप से रुड की पुरानी आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया पूछी। पत्रकार के सवाल के बाद ट्रंप ने अल्बनीज की तरफ देखते हुए कहा, “वह कहां है? क्या वह अब भी आपके लिए काम करता है?” अल्बनीज ने मुस्कुराते हुए रुड की ओर इशारा किया, जो सामने ही बैठे थे। रुड ने कुछ कहने की कोशिश की, लेकिन ट्रंप ने बीच में ही उन्हें रोक दिया।
पनडुब्बी समझौते की बैठक में बढ़ा तनाव
यह घटना अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच पनडुब्बी सौदे की पुष्टि के लिए आयोजित एक औपचारिक बैठक के दौरान हुई। हालांकि बैठक में मौजूद अधिकारियों ने इस टिप्पणी पर हल्की हंसी में प्रतिक्रिया दी, लेकिन यह घटना ट्रंप और रुड के बीच लंबे समय से जारी तनाव को फिर उजागर कर गई।
क्यों चल रही है ट्रंप और रुड के बीच तनातनी?
- केविन रुड ऑस्ट्रेलिया की लेबर पार्टी से हैं और जो बाइडन के कार्यकाल में उन्हें अमेरिका में राजदूत नियुक्त किया गया था।
- रुड ने 2020 चुनाव के बाद ट्रंप को राजनीति के लिए “खतरनाक” बताया था और उन्हें “पश्चिम का गद्दार” तक कह दिया था।
- इसके जवाब में ट्रंप ने अपनी चुनावी रैलियों के दौरान रुड को “बेकार” और “अक्षम” कहा था।
- ट्रंप ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि “रुड ज्यादा समय तक राजदूत नहीं रहेंगे।”
हालांकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से इस विवाद को हल्के में लेने की कोशिश की गई है, लेकिन यह घटना दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में व्यक्तिगत टकराव की छाया दिखाती है।