अंबाला | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य दलों पर कड़ी टिप्पणी की है। विज ने कहा कि राहुल गांधी अब राजनीति की बजाय नए व्यवसाय के विकल्प तलाश रहे हैं, लेकिन उन्हें कहीं भी सफलता नहीं मिल रही। उन्होंने कहा, “जो लाहौर में फेल हुआ, वह पिशौर में भी फेल। इसलिए वह विभिन्न क्षेत्रों में कोशिश कर रहे हैं।”
दीपावली के बाद विज ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के प्रदूषण पर किए गए ट्वीट पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ राजनीतिक दल हिंदू धर्म और संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। विज ने इसे पुराने समय के यज्ञों के उदाहरण से जोड़ा, जब ऋषियों के यज्ञ में बाधा डालने वाले ताड़का और भस्मासुर हड्डियां फेंकते थे, उसी प्रकार आज कुछ दल धर्म और परंपराओं का सम्मान नहीं कर रहे।
इसके अलावा, विज ने हरियाणा से बिहार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा से छठ पूजा में बिहार जाने वालों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए लंबी दूरी के लिए एसी बसें चलाई गई हैं। यह सेवा शुरू हो चुकी है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।