अंबाला | हरियाणा के अंबाला जिले में एक विदेशी नागरिक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। दिल्ली-अंबाला हाईवे पर मोहड़ा गांव के पास सर्विस लेन पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने रूसी पर्यटक को निशाना बनाते हुए उसका बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रूस के ओब्लास्ट क्षेत्र के ओकुलोवो गांव निवासी विक्टर 29 सितंबर को भारत आए थे। वह देवी दुर्गा की भक्ति में वाराणसी से जम्मू की पैदल यात्रा पर हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अक्टूबर की सुबह वह मोहड़ा गांव के पास सर्विस रोड पर आगे बढ़ रहे थे, तभी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक उनके पास आए और झपटमारी कर बैग लेकर फरार हो गए।
पीड़ित विक्टर ने बताया कि उनके बैग में सैमसंग मोबाइल फोन, व्यक्तिगत दस्तावेज, आपातकालीन पासपोर्ट, मूल पासपोर्ट की वीजा लेमिनेटेड कॉपी और 300 रुपये नकद थे। घटना की सूचना मिलने पर पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी धर्मबीर ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।