Shimla, Sanju
शिमला के जुन्गा में चार दिवसीय शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल का आगाज हो गया है। इस रंगारंग आयोजन में देश और विदेश के लगभग 60 पैराग्लाइडर हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया।
यह तीसरा मौका है जब जुन्गा में इस फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस बार फेस्टिवल में प्री वर्ल्ड कप और प्री एशियन लीग चैम्पियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।साथ ही 60 से अधिक स्वयं सहायता समूहों और सूक्ष्म उद्यमों द्वारा बनाए गए स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। रविवार को रेसलर ग्रेट खली के भी शामिल होने की संभावना है।
अरुण रावत, सीईओ, ग्लाइड इन – यह जुन्गा में तीसरी बार फ्लाइंग फेस्टिवल का आयोजन है। देश-विदेश से आए 60 पैराग्लाइडर इसमें भाग ले रहे हैं। इस बार प्री वर्ल्ड कप और प्री एशियन लीग चैम्पियनशिप का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतिभागियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।”
नरेश चौहान, मीडिया एडवाइजर, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश –इस तरह के आयोजन से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। दस राज्यों और सात देशों के प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन कैबिनेट बैठक के चलते वे नहीं आ सके। सरकार का पूरा सहयोग आयोजकों को है।”
प्रतिभागियों ने कहा कि जुन्गा की प्राकृतिक वादियों में उड़ान भरना एक अनूठा अनुभव है। पाँच मिनट की रोमांचक फ्लाइट उन्हें नई ऊर्जा और यादगार एहसास दे रही है। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन हिमाचल प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान देंगे और स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के रास्ते खोलेंगे।