हरियाणा | हरियाणा के पटौदी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। स्कूल बस का इंतजार कर रही छह वर्षीया मासूम यांशिका की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बच्ची विराट इंटरनेशनल स्कूल, कपड़ीवास में यूकेजी की छात्रा थी और रोज की तरह अपने घर के बाहर बस का इंतजार कर रही थी।
घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद
मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्पष्ट दिख रहा है कि यांशिका कंधे पर स्कूल बैग टांगकर गली के बाहर खड़ी थी। तभी सामने से आती बस को देखकर वह सड़क पार करने लगी। उसी समय दूसरी दिशा से तेज रफ्तार में मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। ट्रैक्टर की हल्की टक्कर से संतुलन बिगड़ते ही बच्ची बस के ठीक आगे गिर गई और बस चालक उसे नहीं देख पाया।
बस के पहिए से कुचली गई मासूम
देखते ही देखते बस बच्ची के ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि बस के टायर उसके सिर और कंधे से गुजर गए थे।
दोनों चालकों पर केस दर्ज
पीड़ित पिता रवि की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक थावरमल (निवासी झाबुआ) और स्कूल बस चालक सुखबीर (निवासी बांसपदमका) के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
परिवार में मातम
यांशिका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी छोटी बहन भी उसी स्कूल की नर्सरी कक्षा में पढ़ती है। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया।
यह दर्दनाक घटना एक बार फिर से सड़क सुरक्षा, स्कूल बस प्रबंधन और यातायात नियमों के सख्त पालन की आवश्यकता पर सवाल खड़े करती है।