गुरुग्राम। गुरुग्राम मंडल आयुक्त आर.सी. बिढान ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाए रखना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। स्वच्छता केवल नगर निकाय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह जनता के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई अभियान को महज औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि सेवा भावना और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए।
स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में बिढान ने कहा कि शहर की साफ-सफाई की निरंतर निगरानी, संसाधनों का बेहतर उपयोग और टीम वर्क के बिना स्वच्छ गुरुग्राम अभियान सफल नहीं हो सकता। उन्होंने सभी विभागों के बीच समन्वय को अनिवार्य बताया।
गार्बेज पॉइंट्स की रोजाना निगरानी के निर्देश
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि:
- प्रत्येक गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट से रोजाना सुबह समय पर कचरा उठाया जाए
- कोई भी स्थान कचरा ट्रॉली के बिना न रहे
- सभी कचरा ट्रॉलियों को दिन में कम से कम दो बार खाली किया जाए
- सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट से भी नियमित उठान सुनिश्चित हो
- प्रत्येक गार्बेज ट्रॉली के पास सफाई कर्मचारी तैनात रहें ताकि कचरा आसपास न फैले
उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी समय निरीक्षण के दौरान गंदगी न मिले। यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिनों में दिखे साफ परिणाम – मंडलायुक्त
बिढान ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था में स्पष्ट सुधार दिखना चाहिए। इसके तहत:
- सभी मुख्य सड़कें और गलियां
- सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट
- जीवीपी (गार्बेज प्रोन पॉइंट)
- सेकेंडरी कचरा स्थान
पूरी तरह साफ होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में कूड़ा, पॉलीथीन, सीएंडी वेस्ट, इंडस्ट्रियल या मेडिकल वेस्ट खुला पड़ा नहीं मिलना चाहिए।
अवैध डंपिंग पर सख्ती, जब्त होंगी गाड़ियां
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में अवैध रूप से कचरा या मलबा डालने वालों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम, आरटीए और पुलिस विभाग की टीमें मिलकर कार्रवाई करेंगी। अवैध डंपिंग करने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा और अदालत की अनुमति के बाद ही छोड़ा जाएगा।
बैठक में उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एएलसी कुशल कटारिया, जीएम रोडवेज भारत भूषण गोगिया, सीटीएम सपना यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।