जटकरी पंचायत के लांघा बूथ में मतदाता सूची से नाम गायब — ग्रामीणों ने बी.एल.ओ. पर लगाए पक्षपात के आरोप
Chamba, Manjur Pathan
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की ग्राम पंचायत जटकरी के लांघा बूथ में मतदाता सूची से कई ग्रामीणों के नाम गायब होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के बी.एल.ओ., जो स्थानीय स्कूल में कला अध्यापक हैं, ने जानबूझकर कई लोगों के नाम सूची से हटा दिए और नए मतदाताओं के नाम जोड़े ही नहीं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने 2021 के पंचायती चुनाव में मतदान किया था, लेकिन 2025 की नई वोटर लिस्ट में उनके नाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वर्तमान वार्ड पंच का नाम भी सूची से हटा दिया गया है, जिससे संदेह और गहरा गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब राजनीतिक लाभ के लिए किया गया षड्यंत्र है, क्योंकि मौजूदा पंचायत प्रधान के पति ही बी.एल.ओ. के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने उपायुक्त चम्बा से मामले की जांच कर नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि हमने 2021 में वोट डाला था, लेकिन अब हमारे नाम लिस्ट से गायब हैं। कई लोगों के नाम हटाए गए हैं और इसका कारण राजनीति से प्रेरित लगता है। हम प्रशासन से न्याय की मांग करते हैं।
इस संबंध में उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि कुछ पंचायतों से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि मतदाता सूची से नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव स्थगित होने के चलते अब संबंधित विकास खंड अधिकारी (वीडीओ) को यह अधिकार दिया गया है कि जिन लोगों के नाम गलती से हट गए हैं, उन्हें दोबारा जोड़ा जा सके।वोटर लिस्ट से नाम हटाने की शिकायतें आई हैं। चुनाव स्थगित होने के कारण संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन लोगों के नाम गलती से हटे हैं, उन्हें पुनः सूची में शामिल किया जाए। साथ ही, बी.एल.ओ. के संबंध में आई शिकायत की जांच भी की जाएगी।