Mandi, Dharamveer
वन मंडल करसोग के अंतर्गत पथरेवि बिट के जंगलों में एक बार फिर वन काटू सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को अवैध कटान का मामला उस समय उजागर हुआ जब एक स्थानीय युवक ने देवदार के पेड़ों पर आरी चलाए जाने का लाइव वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा किया।
वीडियो में साफ तौर पर देखा गया कि कई हरे देवदार के पेड़ों को काटा जा चुका है। कुछ लकड़ी जंगल से गायब पाई गई जबकि कई पेड़ कटे हुए ही मौके पर पड़े थे। वीडियो वायरल होते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया और वन खंड अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम तुरंत मौके पर पहुंची।जांच में अब तक लगभग छह छोटे-बड़े देवदार के पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है। कुछ लकड़ी मौके से गायब मिली, जिसकी गणना व मूल्यांकन किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक विभागीय जांच जारी थी।इस घटना से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अवैध कटान उस समय हुआ जब संबंधित बिट का वन सुरक्षा कर्मी ड्यूटी पर ही था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि पेड़ों की कटाई होते हुए विभाग की निगाहों से यह मामला कैसे छिपा रहा।
वन मंडल अधिकारी करसोग, कृष्ण बाग नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही विशेष जांच टीम मौके पर भेज दी गई थी। प्रारंभिक जांच में अवैध कटान की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कटान में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।