अमृतसर | पंजाब पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के पूर्व एआईजी रशपाल सिंह को जालंधर एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अधिकारी को अदालत के आदेश पर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई एक पुराने ड्रग तस्करी केस की जांच के सिलसिले में की गई है।
मामला क्या है?
यह मामला वर्ष 2017 का है। 3 अगस्त 2017 को अमृतसर निवासी बलविंदर सिंह को एसटीएफ टीम ने सिविल अस्पताल तरनतारन से गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो हेरोइन बरामद करने का दावा किया था और आरोप लगाया था कि वह पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाकर पंजाब में सप्लाई करता था।
गिरफ्तारी के बाद बलविंदर सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। सुनवाई के दौरान STF ने अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की, जिसमें दावा किया गया कि इसी केस से जुड़े आरोपी भोर सिंह के खेतों से बड़ी मात्रा में नशा बरामद हुआ था। रिकवरी में 4 किलो 530 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, तीन मैगज़ीन और 56 जिंदा कारतूस शामिल थे।
बाद में इस मामले में बलविंदर सिंह, मेजर सिंह और भोर सिंह के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई थी। अब इसी केस की आगे बढ़ी जांच में पूर्व एआईजी रशपाल सिंह की भूमिका संदिग्ध सामने आने पर उनकी गिरफ्तारी की गई है।