लुधियाना। शहर में देर रात एक पुलिस नाके पर बड़ा हादसा हो गया जब एक कार चालक ने नशे की हालत में वाहन नियंत्रण खोते हुए पीसीआर कर्मी को टक्कर मार दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला थाना पीएयू क्षेत्र के फिरोजपुर रोड का है, जहां ट्रैफिक पुलिस द्वारा ड्रंकन ड्राइविंग रोकने के लिए नाका लगाया गया था। ट्रैफिक जोन इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल की अगुवाई में पुलिस टीम वाहन चालकों की जांच कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, जब पुलिस ने एक कार को रोकने का इशारा किया, तो चालक घबराहट में वाहन तेज गति से भगाने लगा। इसी दौरान पीसीआर कर्मी अजैब सिंह कार के बोनट पर जा गिरे और नीचे गिरने पर चालक ने गाड़ी उनकी टांग पर चढ़ा दी। घायल अवस्था में साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी।
थाना पीएयू पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी चालक को गाड़ी समेत काबू कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि चालक नशे की हालत में था और पुलिस जांच से बचने के लिए उसने लापरवाहीपूर्वक यह हरकत की।