नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को एकादशी के दिन मची भगदड़ में कम से कम 10 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पीएमओ की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा गया, “आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों को तुरंत और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा:
जानकारी के मुताबिक, कार्तिक एकादशी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। मंदिर परिसर की क्षमता से अधिक लोगों के पहुंच जाने के कारण भगदड़ मच गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया।
सीएम नायडू ने अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं और निर्देश दिया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।