पंजाब | पंजाबवासियों के लिए रेलवे ने एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। 7 नवंबर से फिरोजपुर से दिल्ली कैंट के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जा रही है, जिससे पंजाब से राजधानी दिल्ली तक की यात्रा पहले से ज्यादा तेज, आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगी।
रेलवे की ओर से बताया गया है कि देशभर में पहले से चल रही वंदे भारत चेयर कार ट्रेनों के साथ अब चार नए रूटों पर यह अत्याधुनिक सेवा शुरू की जा रही है। इन नई ट्रेनों से पंजाब, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
फिरोजपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत के शुरू होने से न केवल यात्रा समय घटेगा बल्कि पंजाब और दिल्ली के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
रेलवे के मुताबिक बाकी तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट इस प्रकार हैं:
- बेंगलुरु-एर्नाकुलम वंदे भारत
- वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत
- लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत